स्वतंत्र बोल
रायपुर 21 अगस्त 2026 राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र स्थित नकटी गांव के ब्लू वाटर में एक बार फिर दर्दनाक हादसा हुआ है। दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 24 वर्षीय युवक आदिल खान की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद ब्लू वाटर की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है।
मौदहापारा निवासी आदिल खान बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लग गई। आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतर गए। दोस्त तो तैरकर बाहर निकल आया, लेकिन आदिल गहरे पानी की ओर चला गया और फिर दिखाई नहीं दिया।
घटना की सूचना मिलते ही माना पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF को जानकारी दी गई। रात में अंधेरा और पानी की अधिक गहराई को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। इसके बाद सुबह SDRF की टीम ने युवक की तलाश शुरू की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक को पानी में तैरते हुए देखा जा सकता है।
ब्लू वाटर में यह पहला हादसा नहीं है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार यहां पिछले कुछ वर्षों में डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। वर्ष 2025 में भी दो नाबालिग छात्रों की यहां डूबने से मौत हुई थी।
लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद ब्लू वाटर में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठते रहे हैं। गहरे पानी और खदान के स्वरूप के कारण यहां बिना सुरक्षा के उतरना बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है।


