स्वतंत्र बोल
धमतरी 27 सितम्बर 2026 : शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सीजी-05 रेस्टोरेंट लॉज में कवर्धा की एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान पिंकी मानिकपुरी के रूप में बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, युवती अपने बॉयफ्रेंड से मिलने धमतरी आई थी और दोनों लॉज के एक कमरे में ठहरे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। कुछ देर बाद युवती कमरे में फंदे पर लटकी मिली।
विवाद के बाद कमरे में मिली युवती
बताया जा रहा है कि पिंकी अपने बॉयफ्रेंड के साथ लॉज में ठहरी हुई थी। दोनों के बीच विवाद होने के बाद युवती कमरे के अंदर चली गई। कुछ देर बाद वह फांसी के फंदे पर लटकी मिली।घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
हत्या की आशंका पर भी उठे सवाल
युवती की मौत को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस के मुताबिक, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी हुई है।


