स्वतंत्र बोल
रायपुर 23 नवंबर 2026: जगदलपुर में स्टेट GST की सहायक आयुक्त और अन्य लोगों के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई के बाद भाजपा ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर साय सरकार का बचाव किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि रिश्वतखोरी और लोगों को बेवजह परेशान कर पैसे मांगने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चिमनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। सुशासन की स्थापना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रिश्वतखोरी पर कार्रवाई का दावा
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि GST मामले में राहत देने के नाम पर रिश्वतखोरी करने वाले अधिकारियों और बिचौलियों के खिलाफ ACB की कार्रवाई स्पष्ट संदेश है। पद और प्रभाव का दुरुपयोग करने वालों के लिए सरकार में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में शामिल व्यक्ति चाहे कितना भी रसूखदार हो या किसी भी पद पर हो, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस सरकार पर लगाए आरोप
अमित चिमनानी ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस समय जांच एजेंसियों के हाथ बांध दिए गए थे। चिमनानी के मुताबिक, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब जांच एजेंसियां स्वतंत्रता और पारदर्शिता के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि इससे शासन और प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हुआ है।
व्यापारियों को भयमुक्त व्यवस्था देने का दावा
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सरकार आम नागरिकों और व्यापारियों को भयमुक्त और पारदर्शी व्यवस्था देने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी स्तर पर रिश्वतखोरी या प्रताड़ना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार कार्रवाई जारी रखेगी। चिमनानी ने पिछले तीन वर्षों में भ्रष्टाचार के खिलाफ हुई कार्रवाइयों को सरकार की नीति का प्रमाण बताया।


