स्वतंत्र बोल
धर्म डेस्क 21 नवंबर 2026: तुलसी विवाह का पर्व आज 21 नवंबर 2026 को मनाया जा रहा है। इस दिन भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप और माता तुलसी का विवाह कराया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी विवाह के साथ चातुर्मास समाप्त होता है और विवाह समेत मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। इस बार तुलसी विवाह का गोधूलि मुहूर्त शाम 5:25 बजे से 5:52 बजे तक रहेगा।
तुलसी विवाह 2026 शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि 21 नवंबर को सुबह 6:31 बजे शुरू हुई और 22 नवंबर को सुबह 4:56 बजे समाप्त होगी।
तुलसी विवाह के लिए गोधूलि मुहूर्त और प्रदोष काल को शुभ माना जाता है।
- गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:25 बजे से 5:52 बजे तक
- प्रदोष काल: शाम 5:25 बजे से 7:49 बजे तक
इस दिन तुलसी माता और भगवान शालिग्राम की विधि-विधान से पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से घर में सुख-शांति और वैवाहिक जीवन में सुख-समृद्धि आती है। जिन परिवारों में कन्या नहीं है, वे तुलसी विवाह कराकर कन्यादान का पुण्य प्राप्त कर सकते हैं।
क्यों कराया जाता है तुलसी और शालिग्राम का विवाह?
हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का विशेष महत्व है। मान्यता है कि देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसके साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप का विवाह माता तुलसी से कराया जाता है। इस पर्व को देवउठनी एकादशी के अगले दिन मनाने की परंपरा है।
तुलसी विवाह की पौराणिक कथा
पौराणिक कथा के अनुसार, प्राचीन समय में जालंधर नाम का शक्तिशाली दैत्यराज था। उसकी पत्नी वृंदा भगवान विष्णु की परम भक्त और पतिव्रता स्त्री थीं। वृंदा के पतिव्रत धर्म के प्रभाव से जालंधर अत्यंत शक्तिशाली हो गया था। देवताओं के लिए उसे पराजित करना मुश्किल हो गया था। जालंधर के अत्याचार बढ़ने पर देवताओं ने भगवान विष्णु से सहायता मांगी। सृष्टि का संतुलन बनाए रखने के लिए भगवान विष्णु ने जालंधर का रूप धारण कर वृंदा के पतिव्रत धर्म को भंग कर दिया। इसके बाद भगवान शिव ने युद्ध में जालंधर का वध कर दिया। जब वृंदा को भगवान विष्णु के छल का पता चला, तो उन्होंने क्रोधित होकर भगवान विष्णु को पत्थर बन जाने का श्राप दे दिया। भगवान विष्णु ने अपने भक्त के श्राप को स्वीकार किया और शालिग्राम पत्थर के रूप में प्रकट हुए। बाद में देवताओं के अनुरोध पर वृंदा ने श्राप वापस लिया और स्वयं अग्नि में समा गईं। धार्मिक मान्यता है कि जिस स्थान पर वृंदा भस्म हुई थीं, वहां से तुलसी के पौधे का प्राकट्य हुआ।
भगवान विष्णु ने तुलसी को दिया था विवाह का वरदान
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु ने वृंदा को वरदान दिया कि वह तुलसी के रूप में सदैव उन्हें प्रिय रहेंगी। उन्होंने कहा कि उनके भोग में तुलसी दल के बिना भोग अधूरा माना जाएगा। भगवान विष्णु ने यह भी वचन दिया कि हर साल कार्तिक मास में उनके शालिग्राम स्वरूप का विवाह तुलसी जी से कराया जाएगा। इसी मान्यता के चलते हर साल देवउठनी एकादशी के अगले दिन तुलसी विवाह का आयोजन किया जाता है।


