स्वतंत्र बोल
रायपुर 9 अक्टूबर 2026: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का रायपुर रेल मंडल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित डिजिटल पैसेंजर नेविगेशन और वे-फाइंडिंग सिस्टम ‘मार्गदर्शक’ शुरू करने जा रहा है. इस स्मार्ट तकनीक से यात्री अपने मोबाइल पर ही रायपुर रेलवे स्टेशन का पूरा डिजिटल मैप देख सकेंगे. इससे प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, लिफ्ट, एस्केलेटर और पार्किंग स्थल तक पहुंचने का सबसे आसान रास्ता एक क्लिक में मिल जाएगा.
भटकने का झंझट खत्म, मिलेगा 2D-3D डिजिटल मैप
रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर काफी बड़ा होने के कारण पहली बार आने वाले यात्रियों को सही रास्ता खोजने में काफी परेशानी होती थी. रायपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सुस्कर विपुल विलासराव ने बताया कि ‘मार्गदर्शक’ सिस्टम में स्टेशन की सभी प्रमुख सुविधाओं की पूरी मैपिंग की जाएगी. यात्री इसमें प्लेटफॉर्म, शौचालय, निकास द्वार, पार्किंग, पिकअप जोन और दिव्यांगजनों के लिए बनी विशेष सुविधाओं की सटीक लोकेशन देखकर रास्ता नेविगेट कर सकेंगे.
ट्रेन छूटने के समय मिलेगा सबसे छोटा रास्ता
इस सुविधा का सबसे ज्यादा फायदा उन यात्रियों को मिलेगा जो एन वक्त पर स्टेशन पहुंचते हैं और ट्रेन छूटने के डर से जल्दबाजी में होते हैं. बिना किसी से पूछताछ किए बुजुर्ग, दिव्यांगजन और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवार कम समय में सीधे अपने प्लेटफॉर्म या लिफ्ट तक पहुंच सकेंगे. इससे कम समय में गंतव्य तक पहुंचने में मदद मिलेगी.
भविष्य में रियल टाइम यात्री सूचनाओं से जुड़ेगा सिस्टम
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस डिजिटल प्लेटफॉर्म को भविष्य में और भी ज्यादा एडवांस बनाया जाएगा. आने वाले समय में डिजिटल मैप के साथ रियल टाइम यात्री सूचना प्रणाली (Real-time Passenger Information System) और अन्य स्मार्ट सेवाओं को जोड़ा जाएगा. इससे ‘मार्गदर्शक’ केवल रास्ता बताने तक सीमित न रहकर स्टेशन की तमाम यात्री सुविधाओं का एकीकृत डिजिटल हब बनेगा.


