अनजाने में हुआ प्रमोशन! ईडी की कार्रवाई के बाद शेफाली बग्गा की बड़ी सफाई, जानिए क्या-क्या हुआ

Untitled

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 9 अक्टूबर 2026:
हाई-प्रोफाइल महादेव बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बीच टेलीविजन स्पोर्ट्स प्रेजेंटर शेफाली बग्गा ने अपनी भूमिका पर पहली बार सफाई दी है. उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि उन्होंने केवल अनजाने में सोशल मीडिया पर इस बेटिंग ऐप को प्रमोट किया था. शेफाली ने स्पष्ट किया कि उन्होंने जांच अधिकारियों का पूरा सहयोग किया है और प्रमोशनल फीस के रूप में मिले पैसे भी वापस लौटा दिए हैं.

ad

प्रमोशनल वीडियो के मिले थे 1.5 करोड़ रुपये, 30 लाख नकद जब्त

ईडी की चार्जशीट के अनुसार, जांच एजेंसी को पता चला कि शेफाली बग्गा को महादेव बेटिंग ऐप सिंडिकेट के लिए प्रमोशनल वीडियो बनाने के बदले लगभग 1.5 करोड़ रुपये मिले थे. इस सिलसिले में ईडी की टीम ने दिल्ली स्थित उनके घर पर तलाशी भी ली थी, जहां छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने 30 लाख रुपये नकद जब्त किए थे.

youtube

मैंने पैसे लौटा दिए हैं, कानून पर पूरा भरोसा – शेफाली बग्गा

मामले पर अपना पक्ष रखते हुए शेफाली ने कहा कि उनका काम अन्य मशहूर हस्तियों और सेलिब्रिटीज की तरह केवल सोशल मीडिया पर कुछ ब्रांड्स का प्रचार करने तक सीमित था. उन्होंने बताया कि इस ऐप या किसी अन्य संस्था से जुड़ी किसी भी गतिविधि या कामकाज में उनका कोई जुड़ाव नहीं था. शेफाली ने कहा कि उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया है, पैसे लौटा दिए हैं और उन्हें देश के कानून पर पूरा भरोसा है.

पूरे देश में फैला अवैध सट्टेबाजी का बड़ा नेटवर्क

महादेव बुक या महादेव बेटिंग ऐप भारत में एक बड़े ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के रूप में उभरा है. यह मोबाइल ऐप और वेबसाइटों के जरिए क्रिकेट व फुटबॉल जैसे खेलों पर करोड़ों रुपये की अवैध सट्टेबाजी कराता है. देशव्यापी फैलाव वाले इस नेटवर्क में कई हाई-प्रोफाइल लोग शामिल हैं. ईडी इस गैर-कानूनी कारोबार से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी और करोड़ों रुपये की संपत्तियां जब्त कर जांच का दायरा लगातार बढ़ा रही है.