कीर्ति गोल्ड से लेकर अमूल तक… जानिए 6 बड़े घी ब्रांड्स की लैब रिपोर्ट में क्या निकला

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 7 अक्टूबर 2026:
 खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रायपुर के अलग-अलग इलाकों से 12 बड़े ब्रांड्स के घी के नमूने लेकर भोपाल की राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे थे. मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट में इनमें से 6 नामी ब्रांड्स के घी निर्धारित खाद्य मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं. जांच में अमूल, देवभोग, वचन, कीर्ति गोल्ड, देशी घी धौलपुर और वास्तु एगमार्क घी के नमूनों में जानलेवा लेड (शीशा) की मात्रा तय मानक से अधिक पाई गई है.

ad

डूंडा से गोबरा नवापारा तक चले जांच अभियान की रिपोर्ट

खाद्य विभाग की टीम ने 15 से 30 अगस्त के बीच डूंडा-कौशल्या विहार, डूमरतराई, टेमरी और गोबरा नवापारा के बड़े स्टोर्स पर छापेमारी की थी. यह सैंपल एवेन्यू सुपर मार्केट, बालाजी ट्रेडिंग, मयंक ट्रेडिंग, मयंक एजेंसी और शुभम् मार्ट से एकत्र किए गए थे. लैब टेस्ट में वास्तु एगमार्क घी में लेड के साथ-साथ बीआर रीडिंग और आयोडीन वैल्यू भी गड़बड़ पाई गई है, जिसमें वनस्पति फैट की मिलावट की पुष्टि हुई है.

youtube

जानिए किस ब्रांड के घी में कितना मिला लेड

घी में लेड की निर्धारित मानक मात्रा 0.02 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम तय की गई है. हालांकि, लैब रिपोर्ट में अमूल में 0.037 मिलीग्राम/किग्रा, देवभोग में 0.035 मिलीग्राम/किग्रा, देशी घी धौलपुर में 0.043 मिलीग्राम/किग्रा, वचन में 0.161 मिलीग्राम/किग्रा, वास्तु एगमार्क में 0.154 मिलीग्राम/किग्रा और कीर्ति गोल्ड में सबसे ज्यादा 0.192 मिलीग्राम/किग्रा लेड पाया गया है.

शरीर के अंगों के लिए बेहद खतरनाक है लेड

गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. देवेंद्र नायक के अनुसार खाद्य पदार्थों में लेड की मात्रा तय सीमा से अधिक होना गुणवत्ता और सुरक्षा पर बड़ा सवाल उठाता है. लंबे समय तक ऐसे असुरक्षित घी का सेवन करने से शरीर के मुख्य अंगों पर गंभीर असर पड़ता है. इससे मस्तिष्क और किडनी को स्थाई नुकसान पहुंच सकता है.

खाद्य विभाग अब करेगा कानूनी कार्रवाई

जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग अब संबंधित कंपनियों और विक्रेताओं पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रहा है. रायपुर के अभिहित अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि भोपाल लैब से 6 नमूनों के मानक के अनुरूप न पाए जाने की रिपोर्ट मिली है. इस रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार संबंधित पक्षों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.