स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 4 अक्टूबर 2026: सुबह की भागदौड़ में अगर कुछ नया, टेस्टी और सेहतमंद नाश्ता बनाना चाहते हैं, तो आलू सूजी इडली एक बेहतरीन विकल्प है। यह पारंपरिक इडली से अलग होती है और इसे बनाने के लिए चावल या उड़द दाल को घंटों भिगोने की झंझट नहीं रहती।
कम समय में तैयार होता है बैटर
आलू सूजी इडली को सूजी, दही और उबले आलू के मेल से तैयार किया जाता है। इसमें सरसों, करी पत्ते, हरी मिर्च और अदरक का तड़का लगाया जाता है, जो इसके स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है। बैटर में ईनो या बेकिंग सोडा मिलाने से इडली एकदम सॉफ्ट और फूली हुई बनती है।
नाश्ते के साथ शाम के स्नैक्स के लिए भी परफेक्ट
इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा पूर्व-तैयारी की आवश्यकता नहीं होती। इसे आप सुबह के नाश्ते के अलावा शाम की भूख मिटाने के लिए भी झटपट बना सकते हैं। नारियल की चटनी, सांभर या टमाटर की चटनी के साथ इसका स्वाद लाजवाब लगता है।
आवश्यक सामग्री (Ingredients)
-
1 कप सूजी
-
2 मध्यम आकार के उबले आलू
-
आधा कप दही
-
आधी छोटी चम्मच सरसों के दाने
-
6-7 करी पत्ते
-
1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
-
1 छोटी चम्मच अदरक का पेस्ट
-
1 बड़ा चम्मच तेल
-
आधी छोटी चम्मच ईनो या बेकिंग सोडा
-
स्वादानुसार नमक
-
आवश्यकतानुसार पानी
आलू सूजी इडली बनाने की स्टेप-बाय-बाय-स्टेप विधि
-
बैटर तैयार करें: एक बड़े बाउल में सूजी और दही को मिलाएं। इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर मध्यम गाढ़ा घोल बनाएं और ढककर 10-15 मिनट के लिए रख दें ताकि सूजी फूल जाए।
-
आलू का मिश्रण बनाएं: उबले आलू को छीलकर अच्छी तरह मैश कर लें। इसमें कटी हरी मिर्च, अदरक का पेस्ट और नमक मिलाएं। स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा नींबू का रस भी डाल सकते हैं।
-
तड़का लगाएं: छोटी कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें सरसों के दाने चटकाएं, फिर करी पत्ते और हरी मिर्च डालकर बैटर में मिला दें।
-
सामग्री मिक्स करें: बैटर में मैश किए आलू का मिश्रण डालें और अच्छी तरह मिलाएं। जरूरत पड़ने पर थोड़ा पानी डालकर घोल को सही करें।
-
इडली स्टीम करें: बैटर में ईनो या बेकिंग सोडा डालकर हल्के हाथों से चलाएं। ग्रीस किए हुए इडली सांचों में बैटर भरें और स्टीमर में 10-12 मिनट तक पकाएं।
-
सर्व करें: ठंडा होने पर इडली को सांचे से निकालें और गरमा-गरम नारियल या टमाटर की चटनी के साथ परोसें।


