स्वतंत्र बोल
महासमुंद 4 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पिथौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लाखागढ़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर शनिवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। पिथौरा से सरायपाली की ओर जा रहे दोना-पत्तल और राशन सामग्री से लदे एक चलते ट्रक के इंजन में अचानक आग लग गई। इस आग ने सड़क किनारे खड़े चावल से लदे एक अन्य खराब ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
खराब खड़े ट्रक के पास पहुंचते ही भड़की आग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चावल से लदा एक ट्रक पहले से ही खराब होने के कारण लाखागढ़ के पास एनएच-53 के किनारे खड़ा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दूसरे राशन लदे ट्रक के इंजन में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को जान बचाने के लिए तुरंत वाहन से नीचे कूदना पड़ा।
दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू, जांच जारी
घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हड़कंप मच गया और आग की लपटें काफी दूर से दिखाई देने लगीं। सूचना मिलने पर पिथौरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और महासमुंद, बागबाहरा तथा सरायपाली से दमकल वाहनों को बुलाया गया। दमकलकर्मियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पिथौरा पुलिस फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है।


