स्वतंत्र बोल
रायपुर 24 सितम्बर 2026 । छत्तीसगढ़ के शासकीय और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इनमें शासकीय स्कूलों में 5 हजार नियमित पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से होगी। वहीं, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में 1,812 संविदा शैक्षणिक पदों पर पहली बार केंद्रीयकृत कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी।
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, नियमित भर्ती में सहायक शिक्षक के 2,292, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के 200, शिक्षक के 1,654 और व्याख्याता के 854 पद शामिल हैं। इनमें ई-संवर्ग के 2,227 और टी-संवर्ग के 2,773 पद हैं।
तीन पदों की परीक्षा तारीख घोषित
घोषित कार्यक्रम के मुताबिक सहायक शिक्षक पद की लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को होगी। शिक्षक पद के लिए परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं व्याख्याता पद की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को होगी।
सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) पद की परीक्षा तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है।
सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। व्याख्याता पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
आत्मानंद स्कूलों में 1,812 संविदा पद
स्कूल शिक्षा विभाग स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1,812 संविदा शैक्षणिक पदों पर भर्ती करेगा। इन पदों के लिए पहली बार केंद्रीयकृत कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी।
इन पदों की भर्ती अधिसूचना सितंबर महीने में जारी की जा रही है। ऑनलाइन आवेदन अक्टूबर महीने से शुरू करने की तैयारी है।
6,812 पदों पर होगी भर्ती
शासकीय और उत्कृष्ट विद्यालयों में छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से कुल 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की जा रही है। इसमें नियमित और संविदा दोनों तरह के पद शामिल हैं।


