स्वतंत्र बोल
रायपुर 24 सितम्बर 2026 : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI ने वॉन्टेड आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। CBI ने उसे हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पकड़ा। आरोपी दुबई से भारत पहुंचा था। गिरफ्तारी के बाद उसे हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया। वहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद आरोपी को रायपुर लाया गया।
पैनल कोऑर्डिनेशन और फंड जुटाने का आरोप
जांच एजेंसी के मुताबिक, अभिषेक कुमार की महादेव बुक के पैनल कोऑर्डिनेट करने और फंड जुटाने में अहम भूमिका थी। उस पर सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करने का भी आरोप है।
CBI की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अवैध कमाई से दुबई में अचल संपत्ति खरीदने की गतिविधियों में शामिल था।
रायपुर कोर्ट ने दी 2 दिन की रिमांड
हैदराबाद से ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाए जाने के बाद अभिषेक कुमार को रायपुर कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने CBI को आरोपी की 2 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की है।
रिमांड के दौरान जांच एजेंसी आरोपी से मामले से जुड़े नेटवर्क, लेनदेन और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
13 FIR के आधार पर जांच
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग पुलिस थानों में दर्ज 13 FIR के आधार पर CBI जांच कर रही है।
जांच के दौरान मुख्य प्रमोटर, पैनल ऑपरेटर और हवाला ऑपरेटर समेत छत्तीसगढ़ के कुछ सरकारी कर्मचारियों के नाम भी आरोपी के तौर पर सामने आए हैं।
करीब 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट
CBI की ओर से अब तक करीब 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट कोर्ट में पेश की जा चुकी हैं।
अब जांच एजेंसी अभिषेक कुमार से पूछताछ के जरिए महादेव सट्टा ऐप से जुड़े नेटवर्क, फंडिंग और अन्य आरोपियों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


