स्वतंत्र बोल
रायपुर 22 अगस्त 2026 राजधानी के भनपुरी इलाके में एक घर के अंदर चल रही प्रार्थना सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि यहां बीमारी ठीक करने का झांसा देकर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। मामले की शिकायत के बाद खमतराई पुलिस ने तीन नामजद महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज की है।मामला भनपुरी के एक रिहायशी इलाके का है। बताया जा रहा है कि एक घर में प्रार्थना सभा चल रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। इसके बाद वहां हंगामा शुरू हो गया और मामले में कार्रवाई की मांग की गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रार्थना सभा में शामिल होने से गंभीर से गंभीर बीमारी ठीक होने की बात कही जा रही थी। इसी तरह लोगों को प्रभावित कर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आरोप है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि हिंदू देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक बातें कही गईं और लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विरोध के बाद मामला खमतराई थाने पहुंचा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। वहीं, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से धर्मांतरण विरोधी कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मामले में सिर्फ सामान्य धाराओं में कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रार्थना सभा से जुड़े लोगों के साथ-साथ लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।


