स्वतंत्र बोल
बिलासपुर/तखतपुर,04 जुलाई 2026। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खेत की घेराबंदी के दौरान करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में मां और उसके दो बेटों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, तखतपुर जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत भाड़म निवासी दसन बाई सिंगरौल शुक्रवार सुबह अपने खेत में मवेशियों के प्रवेश को रोकने के लिए GI तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी करने गई थीं। उनके साथ उनके दो बेटे विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) और सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) भी मौजूद थे। इसी दौरान तीनों अचानक करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, शाम को घर लौटे तो पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। काफी तलाश के बाद जब वे खेत पहुंचे तो सामने का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। खेत में पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल कोटा थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम होने के कारण उसी दिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार को पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए।
प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना सामने आया है। हालांकि खेत की घेराबंदी के दौरान बिजली का करंट कैसे प्रवाहित हुआ और यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


