स्वतंत्र बोल
धमतरी 11 जून 2026: शहर के बीचोंबीच किराना दुकान की आड़ में चल रहे अवैध शराब कारोबार का धमतरी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई में एक किराना दुकान से बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना एवं चौकी स्तर पर संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है।
इसी दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि बठेना पारा, जेल रोड स्थित एक किराना दुकान में अवैध रूप से शराब रखकर उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और विधिवत तलाशी कार्रवाई शुरू की।
तलाशी के दौरान दुकान से कुल 128 पौवा अवैध देशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब में देशी मसाला और प्लेन शराब दोनों शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 23.04 लीटर है। जब्त शराब और बिक्री रकम सहित कुल मूल्य करीब 11 हजार 540 रुपये आंका गया है।
जांच के दौरान आरोपी शराब के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी रामखिलावन सिन्हा (32 वर्ष), निवासी बठेना पारा, जेल रोड धमतरी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि अपने आसपास अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


