एक ही होटल से दूसरी मौत ने बढ़ाया रहस्य, रसोई में फंदे से लटका मिला कर्मचारी का शव, इलाके में सनसनी

स्वतंत्र बोल
मोहला ,6 जुन 2026: शहर के फौवारा चौक स्थित एक होटल से सामने आई दूसरी मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जलपान होटल के एक कर्मचारी का शव होटल परिसर की रसोई में फंदे से लटका मिलने के बाद हड़कंप मच गया। घटना ने न केवल कर्मचारियों बल्कि स्थानीय लोगों को भी सकते में डाल दिया है, क्योंकि कुछ ही दिनों पहले इसी होटल से जुड़े एक अन्य कर्मचारी की रहस्यमय मौत का मामला सामने आया था।

ad

जानकारी के अनुसार, होटल के पिछले हिस्से में स्थित रसोईघर में कर्मचारी का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल की और शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की।

youtube

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत के पीछे की असली वजह अभी तक सामने नहीं आ सकी है।

इस घटना ने इसलिए भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्योंकि बीते 24 मई को इसी होटल में काम करने वाले एक अन्य कर्मचारी का शव मोहला से कुछ दूरी पर स्थित एक नाले में सड़ी-गली अवस्था में बरामद हुआ था। उस मामले की जांच अभी पूरी भी नहीं हो पाई है और मौत की गुत्थी अब तक उलझी हुई है।

इसी बीच होटल के दूसरे कर्मचारी की मौत ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। लगातार दो कर्मचारियों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर इन घटनाओं के पीछे महज संयोग है या कोई ऐसा सच छिपा है, जो अभी सामने आना बाकी है।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों का इंतजार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी।