बस्तर में विकास की रफ्तार पर डिप्टी CM की पैनी नजर, 104 करोड़ की जल योजना से लेकर नेशनल हाईवे तक अचानक पहुंच गए अरुण साव

स्वतंत्र बोल
रायपुर ,6 जुन 2026: बस्तर के विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने निकले उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने चार दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन कोण्डागांव में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट संदेश दिया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

ad

डिप्टी सीएम के निरीक्षण के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा मिशन अमृत 2.0 के तहत निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित जल प्रदाय योजना को लेकर रही। साव ने नगर पालिका क्षेत्र में बन रहे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति और तकनीकी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को ठेकेदारों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सभी बाधाओं को दूर करने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

youtube

करीब 104 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत कोण्डागांव से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित कोसारटेडा बांध से पानी लाकर उसका शोधन किया जाएगा और फिर घर-घर नल कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा। 9 एमएलडी क्षमता वाले इस प्लांट का लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। योजना के तहत दो विशाल ओवरहेड टैंकों का निर्माण भी किया जा रहा है।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव कोपाबेड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने 3 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से चल रहे तालाब सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की गुणवत्ता और उपयोगिता को लेकर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।

साव ने कोपाबेड़ा से शिव मंदिर तक निर्माणाधीन सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया। लगभग 2.9 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 4 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गति लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।

बस्तर के महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों में शामिल निर्माणाधीन कोण्डागांव-नारायणपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130डी का निरीक्षण भी डिप्टी सीएम के दौरे का अहम हिस्सा रहा। उन्होंने सड़क निर्माण के साथ-साथ पुल और पुलियों के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

डिप्टी सीएम के लगातार निरीक्षण और सख्त निर्देशों से साफ संकेत मिला है कि राज्य सरकार बस्तर में अधोसंरचना विकास को लेकर गंभीर है। पेयजल, सड़क और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को जल्द पूरा कर क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।