स्वतंत्र बोल
रायपुर 26 मई 2026 : राजधानी रायपुर के लोक भवन में मंगलवार को उस वक्त प्रशासनिक हलचल तेज हो गई, जब छत्तीसगढ़ के राज्यपाल Ramen Deka ने ‘पीएम-जनमन’ योजना की प्रगति को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक शुरू की। बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें राज्य शासन के कई बड़े अधिकारी एक साथ मौजूद हैं।
जानकारी के मुताबिक ‘पीएम-जनमन’ यानी प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान के तहत चल रहे कार्यों की जमीनी स्थिति और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जा रही है। बैठक में अलग-अलग विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार आदिवासी क्षेत्रों में योजनाओं की प्रगति, हितग्राहियों तक पहुंच और लंबित मामलों को लेकर भी गहन चर्चा हो सकती है। लोक भवन में चल रही इस बैठक को लेकर प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज है।
बताया जा रहा है कि राज्यपाल अधिकारियों से सीधे फीडबैक लेकर योजनाओं के प्रभाव और जमीनी चुनौतियों की जानकारी ले रहे हैं। पीएम-जनमन योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक मूलभूत सुविधाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।


