बीजापुर में भीषण आग से मचा हड़कंप, 15 हजार बोरे जलकर खाक; 10 करोड़ के नुकसान का अनुमान

स्वतंत्र बोल
बीजापुर 27 मई 2026: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक निजी तेंदूपत्ता गोदाम अचानक आग की लपटों में घिर गया। देखते ही देखते आग इतनी भयावह हो गई कि करोड़ों रुपये का तेंदूपत्ता जलकर राख हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग दूर से उठते धुएं के गुबार को देखते रह गए।

ad

मामला बीजापुर जिले के ईटपाल इलाके का है, जहां स्थित एक निजी तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक गोदाम में 12 से 15 हजार मानक बोरा तेंदूपत्ता रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आ गया।

youtube

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी गिरफ्त में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर रखा माल बचाने का मौका तक नहीं मिल पाया। लपटें और धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था।

प्रारंभिक अनुमान में करीब 10 करोड़ रुपये के नुकसान की बात सामने आई है। घटना ने तेंदूपत्ता कारोबार से जुड़े व्यापारियों और ठेकेदारों को बड़ा झटका दिया है।

आग लगने की वजह फिलहाल साफ नहीं हो पाई है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि मामले के हर एंगल की जांच की जाएगी और किसी शरारती तत्व की भूमिका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

सूत्रों के मुताबिक पिछले साल तेंदूपत्ता की गुणवत्ता खराब होने के कारण खरीदी सीमित रही थी। ऐसे में इस बार व्यापारी अच्छे कारोबार की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन आग की इस घटना ने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

घटना के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू किया गया। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह साफ हो सके कि आखिर करोड़ों का यह नुकसान हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है।