आधी रात पिकअप में भरकर ले जाए जा रहे थे मवेशी… पुलिस पहुंची तो मच गया हड़कंप, एक तस्कर अंधेरे में फरार

स्वतंत्र बोल
रायगढ़, 25 मई 2026: रायगढ़ जिले में “ऑपरेशन शंखनांद” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 मवेशियों को मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

ad

घटना 24 मई 2026 की देर रात की बताई जा रही है। डायल 112 को सूचना मिली थी कि ग्राम खड़गांव में एक पिकअप वाहन में अवैध तरीके से मवेशियों को भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

youtube

जांच के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक CG 12 AS 8363 में 8 मवेशी ठूंस-ठूंसकर भरे मिले। वाहन में मौजूद दो युवकों से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना नाम सत्यपाल राठिया और तिहारू राम राठिया बताया, जो कोरबा जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि वाहन चालक रमेश राठिया मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद डायल 112 में तैनात आरक्षक प्याराजीवन टोप्पो ने तत्काल थाना प्रभारी राजेश जांगड़े को सूचना दी।

पुलिस ने पिकअप वाहन, मवेशियों और दोनों आरोपियों को धरमजयगढ़ थाना लाकर कार्रवाई शुरू की। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस ने जब्त किए गए मवेशियों को सुरक्षित रखने के लिए ग्राम सलखिया गौशाला भेज दिया है, जहां उनके चारा-पानी की व्यवस्था की गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिलेभर में चल रहे “ऑपरेशन शंखनांद” के तहत मवेशी तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।