कॉम्प्लेक्स के पीछे चल रहा था ‘काला खेल’! IPL सट्टे और जुए के अड्डे पर पुलिस का धावा, करोड़ों के नेटवर्क का खुलासा

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 25 मई 2026:बिलासपुर में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने कॉम्प्लेक्स के पीछे चल रहे जुए और ऑनलाइन सट्टे के बड़े खेल का भंडाफोड़ कर दिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 6 जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया, जबकि जांच में IPL सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है।

ad

जानकारी के मुताबिक सरकंडा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मौर्य कॉम्प्लेक्स के पीछे किसान पारा इलाके में बड़े पैमाने पर ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर अचानक छापा मारा।

youtube

पुलिस की रेड पड़ते ही मौके पर भगदड़ मच गई, लेकिन टीम ने 6 आरोपियों को मौके से ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान जुआरियों से 47,900 रुपये नकद, ताशपत्ती और अन्य सामान जब्त किया गया।

इसी बीच पुलिस को एक और बड़ी सूचना मिली कि मंगला स्थित HDFC बैंक के पास कुछ लोग मोबाइल फोन के जरिए “खिलाड़ी बुक” पैनल से ऑनलाइन IPL सट्टा चला रहे हैं। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने भी ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

छापेमारी में पुलिस ने 5 मोबाइल फोन, 27 एटीएम कार्ड, 13 लाख 48 हजार रुपये नकद, एक टाटा कार और एक स्कूटी समेत कुल 22 लाख 63 हजार रुपये का सामान जब्त किया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी संतोष जसवानी सट्टे की रकम आशीष जसवानी के जरिए आगे पहुंचाता था। इसके बाद पुलिस ने आशीष जसवानी को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस पूरे मामले में पुलिस अब फरार बड़े सटोरियों की तलाश में जुट गई है। बताया जा रहा है कि रोहित पंजवानी, सागर चेतवानी और राज चेतानी नाम के सटोरियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया है। पुलिस लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

बिलासपुर में IPL सट्टेबाजी और जुए के इस नेटवर्क के खुलासे के बाद अब कई और बड़े नाम सामने आने की आशंका जताई जा रही है।