स्वतंत्र बोल
रायपुर,23 मई 2026:भारतीय सेना में भर्ती का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। इंडियन आर्मी ने भर्ती वर्ष 2027 के लिए होने वाली ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम की तारीखों का ऐलान कर दिया है। यह परीक्षा 1 जून से शुरू होकर 12 जून तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो चरणों में कराई जाएगी, जिसमें पहला चरण 1 जून से 5 जून और दूसरा चरण 8 जून से 12 जून तक चलेगा।
सेना भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के बीच उत्साह के साथ-साथ हलचल भी तेज हो गई है। खास बात यह है कि इस बार छत्तीसगढ़ के युवाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य के पांच बड़े शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
भिलाई, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर में कुल 10 परीक्षा केंद्र तैयार किए गए हैं, जहां रोजाना तीन से चार शिफ्टों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। सेना भर्ती कार्यालय के मुताबिक परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी तरीके से पूरा करने की तैयारी की गई है।
इधर परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए एडमिट कार्ड जारी होने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट
Join Indian Army Official Website
पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
सेना भर्ती कार्यालय ने उम्मीदवारों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे एडमिट कार्ड पर दिए गए दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और परीक्षा वाले दिन तय समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें। देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी जानकारी या समस्या के लिए सेना भर्ती कार्यालय ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। अभ्यर्थी नया रायपुर स्थित सेना भर्ती कार्यालय के नंबर 0771-2965212 और +91-2965214 पर संपर्क कर जानकारी ले सकते हैं।
सेना भर्ती कार्यालय ने साफ कहा है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी। किसी भी तरह की सिफारिश, दलाल या अफवाहों से दूर रहने की अपील भी युवाओं से की गई है।


