22 सितंबर को लगेगा बड़ा रोजगार मेला, 10वीं पास से लेकर ग्रेजुएट्स के लिए 140 पदों पर भर्ती

स्वतंत्र बोल
मुंगेली 17 सितंबर 2026:  जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 22 सितंबर को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, मुंगेली द्वारा यह मेला ग्राम जमकोर स्थित जिला रोजगार कार्यालय और जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज परिसर में आयोजित किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक इस मेले में शामिल हो सकते हैं।

ad

इस रोजगार मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों में कुल 140 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। मेले में 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण से लेकर स्नातक, बी.एससी एग्रीकल्चर और आईटीआई पास युवाओं के लिए अलग-अलग पदों पर अवसर मौजूद रहेंगे।

youtube

पदों और योग्यता का विवरण

रोजगार मेले में कंपनियों द्वारा निम्नलिखित पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा:

  • फील्ड ऑफिसर: 50 पद (शैक्षणिक योग्यता: 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण)

  • इलेक्ट्रॉनिक मीटर टेक्नीशियन: 30 पद (शैक्षणिक योग्यता: आईटीआई उत्तीर्ण)

  • सेल्स ऑफिसर: 20 पद (शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी एग्रीकल्चर उत्तीर्ण)

  • सेल्स रिप्रेजेंटेटिव: 20 पद (शैक्षणिक योग्यता: 12वीं उत्तीर्ण)

  • रिलेशनशिप मैनेजर: 20 पद (शैक्षणिक योग्यता: स्नातक उत्तीर्ण)

पंजीयन कार्ड अनिवार्य

रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों के लिए जिला रोजगार कार्यालय का पंजीयन कार्ड होना अनिवार्य किया गया है। निर्धारित पात्रता रखने वाले अभ्यर्थी तय तिथि और समय पर सभी आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेजों व पंजीयन कार्ड के साथ मेले में उपस्थित हो सकते हैं।