स्वतंत्र बोल
जगदलपुर,23 मई 2026: बस्तर जिले में एक दर्दनाक रेल हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। परपा थाना क्षेत्र के कुमार मरेंगा में मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में युवक को मेडिकल कॉलेज जगदलपुर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान ग्राम सरगीपाल जुनापारा निवासी 27 वर्षीय नीलकंठ बघेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीलकंठ पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ था।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह वह रोज की तरह बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। घूमते-घूमते वह रेलवे ट्रैक तक पहुंच गया। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार मालगाड़ी आ रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन चालक ने युवक को पटरी पर खड़ा देखकर कई बार हॉर्न बजाया और हटने का इशारा भी किया, लेकिन युवक ट्रैक से नहीं हटा। हालात बिगड़ते देख चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों और रेलवे कर्मचारियों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज से पहले ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में मानसिक स्थिति को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।


