स्वतंत्र बोल
रायपुर,23 मई 2026: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने कोर्ट मैनेजर भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट जारी कर दिया है। आयोग ने इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी कर दी है। फाइनल रिजल्ट सामने आते ही उम्मीदवारों के बीच उत्साह और हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, कोर्ट मैनेजर पद के लिए आयोजित परीक्षा में कुल 56 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया था, जिसके बाद 20 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया में प्रवीण कुमार ने स्थान हासिल कर सफलता प्राप्त की है।
CGPSC द्वारा कोर्ट मैनेजर पद की मुख्य परीक्षा 19 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी। इसके बाद 27 अप्रैल को परीक्षा परिणाम जारी किया गया, जिसमें नियम के अनुसार विज्ञापित पदों के तीन गुना अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाना था। हालांकि वर्गवार और उपवर्गवार पात्र अभ्यर्थियों की उपलब्धता के आधार पर कुल 56 उम्मीदवारों को ही साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया।
आयोग ने 22 मई को इंटरव्यू आयोजित किया था। मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के कुल योग के आधार पर मेरिट तैयार की गई और 22 पदों के विरुद्ध 20 अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी की गई।
CGPSC ने बताया कि चयन सूची और अनुपूरक सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
रिजल्ट जारी होने के बाद सफल उम्मीदवारों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है, वहीं अन्य अभ्यर्थियों की नजर अब आगामी भर्तियों और नई वैकेंसी पर टिक गई है।


