स्वतंत्र बोल
धमतरी 23 मई 2026: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अचानक हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। मामला भखारा थाना क्षेत्र के भेंड्रा गांव का है, जहां शुक्रवार को युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। युवक की पहचान यादराम साहू के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि यह कोई पहली घटना नहीं थी। यादराम साहू एक दिन पहले भी इसी टॉवर पर चढ़कर घंटों तक हंगामा करता रहा था। समझाइश के बाद वह नीचे उतर आया था, लेकिन शुक्रवार को फिर से उसी टॉवर पर चढ़ गया, जिसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने जब युवक को टॉवर पर देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारने की कोशिश शुरू की गई। हालांकि टॉवर की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण उससे बातचीत करने में काफी परेशानी हुई। इस बीच युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उसे समझाने की कोशिश करते रहे।
जानकारी के मुताबिक, यादराम साहू की दो पत्नियां हैं और वह दोनों को एक ही घर में रखना चाहता है। लेकिन उसकी पत्नियां इसके लिए तैयार नहीं हैं। इसी बात को लेकर घर में विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में था और इसी हालत में हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया।
घटना के दौरान नीचे भारी भीड़ जमा हो गई। गांव में घंटों तक तनाव और तमाशे जैसी स्थिति बनी रही। पुलिस और परिवार लगातार युवक को सुरक्षित नीचे लाने में जुटे रहे। बताया जा रहा है कि नीचे उतरने के बाद युवक को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक की मानसिक स्थिति व शराब के नशे को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।


