कुदरत का अनोखा करिश्मा! महिला ने एक साथ दिए 4 बच्चों को जन्म, अस्पताल में मची हलचल

स्वतंत्र बोल
सिवान 23 मई 2026:  बिहार के सिवान जिले से कुदरत के अनोखे करिश्मे की खबर सामने आई है, जहां एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म देकर सभी को चौंका दिया। जैसे ही यह खबर फैली, अस्पताल में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई उन नवजात बच्चों की एक झलक पाने के लिए उत्सुक नजर आया।

ad

यह मामला सिवान के बड़हरिया झुनापुर हाईवे स्थित एक निजी अस्पताल का है। जानकारी के मुताबिक, मैरवा प्रखंड के अकोल्हि गांव निवासी मनोज यादव की पत्नी सुनीता देवी ने मंगलवार को एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। इनमें तीन बेटे और एक बेटी शामिल हैं।

youtube

हालांकि, जन्म के कुछ समय बाद एक बच्चे की हालत अचानक बिगड़ गई। उसे तत्काल एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। फिलहाल दो बेटे और एक बेटी स्वस्थ बताए जा रहे हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

बच्चों के पिता मनोज यादव ने बताया कि यह उनकी पत्नी की पहली डिलीवरी थी और उन्हें खुद भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि एक साथ चार बच्चे जन्म लेंगे। उन्होंने कहा, “भगवान को यही मंजूर था। एक बच्चे को हम नहीं बचा सके, लेकिन बाकी बच्चे और मेरी पत्नी स्वस्थ हैं, यही सबसे बड़ी राहत है।”

वहीं, अस्पताल की डॉक्टर श्वेता रानी ने इस घटना को कुदरत का अद्भुत करिश्मा बताया। उन्होंने कहा कि एक साथ चार बच्चों का जन्म बेहद दुर्लभ मामला होता है। डॉक्टर के मुताबिक, सबसे खुशी की बात यह है कि चार बच्चों को जन्म देने के बाद भी मां पूरी तरह स्वस्थ है।

इस अनोखी घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ जुट रही है और हर कोई इसे भगवान का चमत्कार बता रहा है।