धमतरी पुलिस ने फिर किया कमाल, ओड़िशा-मध्यप्रदेश तक ट्रेस कर 151 गुम मोबाइल लौटाए

स्वतंत्र बोल
धमतरी, 22 मई 2026:  मोबाइल गुम होने के बाद ज्यादातर लोग उसे हमेशा के लिए खोया मान लेते हैं, लेकिन धमतरी पुलिस ने एक बार फिर ऐसा काम कर दिखाया जिसने सैकड़ों लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। पुलिस ने तकनीकी सहायता और साइबर ट्रैकिंग के जरिए 151 गुम मोबाइल खोजकर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए।

ad

पुलिस लाइन रूद्री स्थित पुलिस कंपोजिट बिल्डिंग में आयोजित विशेष कार्यक्रम में महापौर जगदीश रामू रोहरा और कलेक्टर अविनाश मिश्रा की मौजूदगी में मोबाइल वितरण किया गया। इस दौरान जिन लोगों ने महीनों पहले अपने मोबाइल खो दिए थे, उनकी खुशी देखने लायक थी।

youtube

खास बात यह रही कि कई मोबाइल ओड़िशा और मध्यप्रदेश में इस्तेमाल किए जा रहे थे। धमतरी पुलिस की साइबर टीम ने लगातार ट्रैकिंग कर उन्हें रिकवर किया और आखिरकार असली मालिकों तक पहुंचाया।

धमतरी पुलिस इससे पहले भी बड़ी कार्रवाई कर चुकी है। नवरात्रि के दौरान 108 मोबाइल समेत अब तक कुल 670 से ज्यादा गुम मोबाइल लोगों को लौटाए जा चुके हैं। इस अभियान ने आम जनता के बीच पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत कर दिया है।

मोबाइल वापस मिलने के बाद कई लोग भावुक हो गए। ग्राम रावां निवासी सीताराम गजेन्द्र ने बताया कि कुर्रा बाजार में प्याज खरीदते वक्त उनका मोबाइल जेब से गायब हो गया था। उन्होंने उम्मीद छोड़ दी थी कि मोबाइल कभी वापस मिलेगा, लेकिन पुलिस का फोन आते ही उन्हें यकीन ही नहीं हुआ।

वहीं रायपुर से आए हितग्राही कल्पेश ने भी कहा कि मोबाइल गुम होने के बाद उन्होंने उसे हमेशा के लिए खोया मान लिया था, लेकिन धमतरी police की पहल ने उन्हें बड़ी राहत दी।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में मोबाइल हर व्यक्ति के जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है। मोबाइल गुम होने पर सिर्फ आर्थिक नुकसान नहीं होता, बल्कि जरूरी दस्तावेज और निजी जानकारियां भी खतरे में पड़ जाती हैं। इसी वजह से धमतरी पुलिस पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ “गुम मोबाइल वापसी अभियान” चला रही है।

अपने संबोधन की शुरुआत में एसपी ने हाल ही में गश्त ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में दिवंगत हुए प्रधान आरक्षक विजय बैरागी को श्रद्धांजलि भी दी।

महापौर जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस लगातार जनहित में सराहनीय कार्य कर रही है। वहीं कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने आधुनिक तकनीक और साइबर ट्रैकिंग के जरिए गुम मोबाइल वापस लौटाने की इस पहल को बेहद जनहितकारी बताया।

मोबाइल वापस पाने वाले लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी। कई लोगों ने कहा कि उन्हें लगा था मोबाइल कभी नहीं मिलेगा, लेकिन धमतरी पुलिस ने उनकी उम्मीद फिर से जिंदा कर दी।