BREAKING: हाई अलर्ट के बीच पूर्व विस अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से लूट! मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, बाइक सवार झपट ले गए मोबाइल

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर राजधानी रायपुर में हाई अलर्ट घोषित है, लेकिन इसी बीच सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल झपटकर फरार हो गए।

ad

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस महकमा तुरंत एक्टिव हो गया।

youtube

जानकारी के मुताबिक धरमलाल कौशिक सुबह करीब 8 बजे घर से टहलने निकले थे। जब वे शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार बाइक पर आए बदमाशों ने पलभर में उनका मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। VIP इलाके में हुई इस वारदात ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर उस समय जब गृह मंत्री अमित शाह का दौरा प्रस्तावित है और शहर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बाइक सवार आरोपियों की पहचान की जा सके।

फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं इस घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।