जगदलपुर। नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार को उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब तेज रफ्तार यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि बस में सवार एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 15 यात्री घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद सड़क किनारे अफरा-तफरी मच गई। बस के अंदर फंसे यात्री मदद के लिए चीखते रहे और आसपास के लोग तुरंत बचाव में जुट गए।
जानकारी के अनुसार रायपुर से कोंटा जा रही रॉयल ट्रेवल्स की बस बालेंगा कोसा सेंटर के पास अचानक बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में कवर्धा निवासी और दोरनापाल में पदस्थ शिक्षिका पद्मनी चंद्रवंशी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं हादसे में घायल हुए 15 यात्रियों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से डिमरापाल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। बाद में जेसीबी मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाया गया, तब जाकर यातायात बहाल हो सका।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती आशंका बस के तेज रफ्तार और अनियंत्रित होने की बताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना की असली वजह जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।


