सुशासन तिहार के बीच मुख्यमंत्री ने गांव में लगाई चौपाल, ग्रामीणों की समस्याएं सुनते ही मौके पर किए कई बड़े फैसले

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 16 मई 2026:  छत्तीसगढ़ में चल रहे सुशासन तिहार के बीच मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय शनिवार को अचानक कोरबा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम लेमरू पहुंच गए। गांव में मुख्यमंत्री के पहुंचते ही प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई। पेड़ के नीचे लगी चौपाल में मुख्यमंत्री ने सीधे ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई विकास कार्यों की बड़ी घोषणाएं भी की गईं।

ad

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनता की सेवा करना सरकार का सबसे बड़ा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर रही है और योजनाओं की जमीनी हकीकत भी जांची जा रही है।

youtube

मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 मई से शुरू हुआ सुशासन तिहार 10 जून तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह परिवार का मुखिया अपने परिवार की चिंता करता है, उसी भावना से सरकार भी हर गांव तक पहुंच रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे खुद अचानक गांवों में पहुंचकर चौपाल लगा रहे हैं ताकि आम लोगों की परेशानी सीधे सुन सकें।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और वनवासियों के लिए संचालित योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण दर बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा कर दी गई है और किसानों से रिकॉर्ड कीमत पर धान खरीदी हो रही है।

कार्यक्रम में उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार तेजी से “मोदी की गारंटी” पूरी कर रही है। वहीं वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद मुख्यमंत्री लगातार दूरस्थ क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं, जिससे जनता में सरकार के प्रति भरोसा और बढ़ा है।

लेमरू शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई अहम विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें सिंचाई के लिए एनीकट निर्माण, पोस्ट मैट्रिक छात्रावास, गांवों में विद्युतीकरण, स्कूल और आंगनबाड़ी भवन निर्माण, सीसी रोड और पुलिया निर्माण शामिल हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले कोरबा जिले के 18 मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट देकर सम्मानित किया। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को राशन कार्ड, कृषि उपकरण, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, मछली पालन सामग्री, पंप, पावर स्प्रेयर और सुपोषण टोकरी भी वितरित की गई।

मुख्यमंत्री ने पीएम आवास योजना के हितग्राहियों से मुलाकात कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस दौरान प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, विशेष सचिव श्री रजत बंसल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।