सूना घर बना चोरों का निशाना, ताला टूटा और अलमारी साफ… रात 2 बजे लौटा परिवार तो उड़ गए होश

स्वतंत्र बोल
दुर्ग 05 मई 2026:  छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे सूने मकानों को निशाना बनाकर बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है, जहां स्क्रैप व्यापारी के घर में घुसकर चोरों ने लाखों की चोरी कर डाली।

ad

मिली जानकारी के अनुसार, भिलाई के नेहरू नगर पश्चिम निवासी स्क्रैप व्यापारी विनय अग्रवाल अपने परिवार के साथ सोमवार को एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर के मेन गेट का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए।

youtube

चोर सीधे अलमारी तक पहुंचे और वहां रखे हीरे, सोने-चांदी के जेवरात के साथ ही करीब 1 लाख 40 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात इतनी सफाई से अंजाम दी गई कि आसपास किसी को भनक तक नहीं लगी।

रात करीब 2 बजे जब व्यापारी अपने परिवार के साथ घर लौटा, तो टूटा हुआ ताला देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो अलमारी पूरी तरह खाली थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

दुर्ग पुलिस के प्रवक्ता सत्य प्रकाश तिवारी के अनुसार, मामले में नकबजनी और चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं ने शहरवासियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं पुलिस के सामने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।