शादी की खुशियां बनीं खून का मैदान… पुरानी रंजिश ने लिया ऐसा मोड़ कि चाकू के वार से थम गई एक जिंदगी, गांव में दहशत

स्वतंत्र बोल
डोंगरगढ़ , 27 अप्रैल 2026:
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। जहां एक ओर शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं दूसरी ओर पुरानी रंजिश ने खून की होली खेल दी और एक युवक की जान ले ली।

यह सनसनीखेज वारदात ग्राम रामाटोला की है, जहां रविवार देर रात चल रहे एक शादी समारोह में अचानक हिंसा भड़क उठी। मृतक की पहचान 20 वर्षीय योमिश सिन्हा के रूप में हुई है, जिसकी मौके पर ही चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ग्राम सांखरा में हुए एक शादी समारोह के दौरान मृतक का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। उसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने रामाटोला में चल रहे समारोह में उसे घेर लिया।

बताया जा रहा है कि पहले युवक के साथ जमकर मारपीट की गई, इसके बाद उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले में एक अन्य युवक के घायल होने की भी सूचना है।

घटना के बाद शादी का माहौल चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया। देखते ही देखते गांव में तनाव फैल गया, जिसके बाद पुलिस को भारी संख्या में तैनात करना पड़ा। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है ताकि किसी भी तरह की और हिंसा को रोका जा सके।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्त में होंगे और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जाएगी।

इस दर्दनाक वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी रंजिशें किस तरह बड़े जख्म और जानलेवा घटनाओं में बदल रही हैं।