स्कूल गए… फिर गायब हो गए!  3 बच्चों की रहस्यमयी गुमशुदगी, CCTV में छिपा है बड़ा राज?

स्वतंत्र बोल
उत्तर प्रदेश 14 अप्रैल 2026:
उत्तर प्रदेश के मुगलसराय से एक बेहद रहस्यमयी और चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है, जहां तीन मासूम बच्चे अचानक लापता हो गए। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और हर कोई यही सवाल कर रहा है—आखिर बच्चे गए कहां?

जानकारी के मुताबिक, 13 अप्रैल की सुबह तीनों बच्चे रोज की तरह बेचूपुर स्थित स्कूल के लिए घर से निकले थे। लेकिन दोपहर 12:30 बजे छुट्टी होने के बाद भी जब वे घर नहीं लौटे, तो परिवार वालों की चिंता बढ़ गई। पहले परिजनों ने अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

लापता बच्चों की पहचान नवाब अली की 12 वर्षीय बेटी पलक, उनके रिश्तेदार आबिद की 6 वर्षीय बेटी आयत और 7 वर्षीय बेटे आमिष के रूप में हुई है। तीनों बच्चे कंकड़हिया नई बस्ती के निवासी बताए जा रहे हैं।

इस मामले को और भी उलझाने वाली बात यह है कि परिजनों और स्कूल प्रशासन के बयान आपस में मेल नहीं खा रहे हैं। बच्चों की मां का दावा है कि उनकी दूसरी बेटी ने बताया कि तीनों बच्चे उस दिन स्कूल गए थे। वहीं स्कूल प्रशासन साफ कह रहा है कि बच्चे उस दिन स्कूल पहुंचे ही नहीं थे। यही विरोधाभास अब इस गुमशुदगी को और ज्यादा रहस्यमयी बना रहा है।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है और अज्ञात के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, जबकि सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर हर छोटी-बड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, कई टीमें गठित कर संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि अगर किसी को इन बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 या 1090 पर सूचना दें।

फिलहाल पूरा इलाका दहशत और बेचैनी में डूबा हुआ है। हर गली, हर सड़क पर सिर्फ एक ही चर्चा है—तीन मासूम आखिर कहां गायब हो गए… और क्या इस रहस्य के पीछे कोई बड़ा सच छिपा है?