पहली बार गाँव में खुला उपार्जन केंद्र, किसानो में दिखा उत्साह..

स्वतंत्र बोल
रायपुर 17 नवंबर 2025. धान खरीदी शुरू होते ही खरीदी केन्द्रो में किसानो की भीड़ उमड़ रहा है। रायपुर जिले के नवीन धान उपार्जन केंद्र पदमी में सोमवार को किसानों का उत्साह देखने लायक रहा। केंद्र पर 9 किसानों ने कुल 560 क्विंटल धान की बिक्री की, जिससे उनका जोश और संतोष स्पष्ट झलक रहा था।

धान बेचने पहुंचे किसान मोहन सिंहा ने बताया कि आज उन्होंने 60 क्विंटल धान विक्रय के लिए टोकन कटवाया है। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि गाँव में ही नया उपार्जन केंद्र खुलने से हमें बहुत सुविधा हो गई है, पहले 5–7 किलोमीटर दूर पदुमसारा जाना पड़ता था, जिससे समय, मेहनत और वाहन खर्च बढ़ जाता था। अब यह परेशानी खत्म हो गई है, किसानों ने शासन की धान खरीदी व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इस वर्ष व्यवस्था पहले से अधिक सुगम, व्यवस्थित और पारदर्शी है। केंद्र पर मिल रही बेहतर सुविधाएँ, त्वरित प्रक्रियाएँ और सहयोगपूर्ण वातावरण किसानों को बड़ी राहत दे रहा है। नवीन उपार्जन केंद्रों की स्थापना से ग्रामीण अंचल के किसानों को न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि आर्थिक रूप से भी लाभ मिल रहा है।

धान खरीदी के शुरुआती दिनों में ही बढ़ती किसान संख्या साफ दर्शाती है कि शासन की यह पहल कृषक वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है।