स्वतंत्र बोल
कांकेर 22 मई 2026: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से बड़ी प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल पैदा करने वाली खबर सामने आई है। अंतागढ़ विकासखंड की सभी 56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने एक साथ सामूहिक इस्तीफा सौंपकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस अचानक हुए बड़े फैसले के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक सभी सरपंच एसडीएम कार्यालय पहुंचे और अपना इस्तीफा सौंपते हुए पंचायतों में विकास कार्य पूरी तरह ठप होने का आरोप लगाया। सरपंचों का कहना है कि पिछले एक साल से गांवों में किसी भी नए विकास कार्य को मंजूरी नहीं दी गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े काम अटक गए हैं।
आक्रोशित पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि लगातार मांग, आवेदन और पत्राचार के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस पहल नहीं की। उनका कहना है कि गांवों में सड़क, पानी, नाली और अन्य जरूरी कार्य लंबित पड़े हैं, जबकि ग्रामीण लगातार सवाल कर रहे हैं।
सरपंचों ने कहा कि विकास कार्य नहीं होने से जनता में भारी नाराजगी है और अब हालात ऐसे बन गए हैं कि जनप्रतिनिधियों को लोगों के बीच जवाब देना मुश्किल हो रहा है। इसी नाराजगी के चलते सभी 56 पंचायतों के सरपंचों ने एकजुट होकर सामूहिक इस्तीफा देने का फैसला लिया।
इस घटनाक्रम के बाद अंतागढ़ से लेकर जिला मुख्यालय तक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। प्रशासनिक अधिकारियों के बीच भी इस सामूहिक इस्तीफे को लेकर हलचल बढ़ गई है।
सरपंचों ने प्रशासन से मांग की है कि पंचायतों में जल्द विकास कार्य स्वीकृत किए जाएं और लंबित योजनाओं को तत्काल शुरू कराया जाए। अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।


