51 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी! PM मोदी बोले- अब आप सिर्फ कर्मचारी नहीं, देश के भविष्य के निर्माता हैं

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली,23 मई 2026: देशभर के लाखों युवाओं के लिए शनिवार उम्मीद और खुशियों से भरा दिन साबित हुआ। 19वें रोजगार मेले के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। देश के 47 शहरों में आयोजित इस मेगा कार्यक्रम में चयनित युवाओं को रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग, वित्तीय सेवा, उच्च शिक्षा समेत कई अहम सरकारी विभागों में नियुक्ति मिली।

ad

प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में शामिल हुए और चयनित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब ये युवा सिर्फ नौकरी शुरू नहीं कर रहे, बल्कि देश की विकास यात्रा के अहम सहभागी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में यही युवा विकसित भारत के सपने को साकार करने में बड़ी भूमिका निभाएंगे।

youtube

पीएम मोदी ने युवाओं की मेहनत और संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि सरकारी नौकरी हासिल करना आसान नहीं होता। इसके पीछे परिवार की मेहनत, त्याग और समाज का सहयोग भी शामिल रहता है। उन्होंने सभी चयनित युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि देश सेवा का अवसर है।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया अब भारत के युवाओं और देश की तकनीकी प्रगति को नए नजरिए से देख रही है। हाल ही में कई देशों के दौरे के दौरान बड़ी कंपनियों और वैश्विक नेताओं से हुई बातचीत का हवाला देते हुए पीएम ने कहा कि हर जगह भारत की तकनीकी क्षमता और युवा शक्ति की चर्चा हो रही है।

उन्होंने बताया कि नीदरलैंड्स के साथ सेमीकंडक्टर, जल प्रबंधन और कृषि पर चर्चा हुई, जबकि स्वीडन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल इनोवेशन को लेकर सहयोग बढ़ाने पर बात हुई। वहीं नॉर्वे और यूएई के साथ ग्रीन टेक्नोलॉजी और शिप बिल्डिंग सेक्टर में साझेदारी को लेकर समझौते हुए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले चार दशकों में दुनिया जिन क्षेत्रों में आगे बढ़ेगी, उनमें भारत के युवाओं की बड़ी भूमिका रहने वाली है। उन्होंने युवाओं से नई तकनीक, इनोवेशन और कौशल विकास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

गौरतलब है कि रोजगार मेले की शुरुआत अक्टूबर 2022 में की गई थी। तब सरकार ने 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य रखा था। अब तक आयोजित 19 रोजगार मेलों के जरिए करीब 12 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। वहीं इस बार के रोजगार मेले के बाद लाखों युवाओं की नजर अब अगली सरकारी भर्तियों पर टिक गई है।