स्वतंत्र बोल
ग्रेटर नोएडा 24 सितंबर 2026: जेवर में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास 35 किमी माइलस्टोन पर एक डबल डेकर स्लीपर बस अचानक आग का गोला बन गई। हादसे में बस के अंदर फंसे नौ यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। राज कल्पना ट्रैवल्स की यह बस दिल्ली से महोबा जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इंजन में आग लगते ही चालक ने बस को साइड में रोककर यात्रियों को अलर्ट किया, जिसके बाद 20 से अधिक यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल और पुलिस की टीमों ने करीब पांच घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बस की बॉडी काटकर अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला।
इंजन में आग लगते ही मचा हड़कंप, 20 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों के अनुसार, एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास चालक को बस के इंजन की तरफ से आग लगने की भनक लगी। चालक ने समझदारी दिखाते हुए बस को ओवरटेकिंग लेन से हटाकर एक्सप्रेसवे के किनारे शोल्डर पर खड़ा कर दिया और आग बुझाने की कोशिश की। आग को तेजी से फैलता देख चालक और परिचालक ने यात्रियों को बाहर निकलने के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया। अफरा-तफरी के माहौल में 20 से ज्यादा यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन नौ यात्री अंदर ही फंसे रह गए।
शवों की हालत भयावह, 5 घंटे के रेस्क्यू के बाद कटे हिस्से से निकाले गए शव
हादसे में जान गंवाने वालों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल बताए जा रहे हैं। आग इतनी विकराल थी कि शव बुरी तरह जलकर कंकाल में बदल गए और कई शवों के अंग तक अलग हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग, स्थानीय पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के बाद भी बस काफी देर तक सुलगती रही। सुरक्षा टीमों ने कटर की मदद से बस की बॉडी काटकर फंसे हुए शवों और मिले अंगों को बाहर निकाला और उन्हें पोस्टमार्टम तथा जांच के लिए कैलाश अस्पताल भेजा।
30 मिनट तक रोका गया यातायात, पटाखों जैसी आवाजें आने का दावा
आग की भयंकर लपटों को देखते हुए एहतियात के तौर पर जेवर टोल और एयरपोर्ट इंटरचेंज पर करीब 30 मिनट तक यातायात पूरी तरह रोक दिया गया। ट्रैफिक रुकने के दौरान दो कारों के आपस में टकराने की घटना भी सामने आई। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही एक्सप्रेसवे पर दोबारा यातायात सामान्य कराया जा सका। आग लगने की सटीक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है, लेकिन मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग के दौरान बस के अंदर से पटाखे फटने जैसी आवाजें आ रही थीं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई इस अग्नि दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X) पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि बस में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान देने तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।


