सपा के सामने कांग्रेस ने रखी 181 सीटों की सूची, अब किस फॉर्मूले पर बनेगी बात?

Untitled

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 16 नवंबर 2026:
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीटों के बंटवारे की तैयारी तेज कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने करीब 181 संभावित सीटों की सूची सपा को सौंपी है। इन सीटों पर 17 नवंबर को दोनों दलों के बीच बातचीत होने की संभावना है। इससे पहले सोमवार, 16 नवंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पार्टी की अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में राहुल गांधी, यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद के शामिल होने की उम्मीद है। बैठक में उत्तर प्रदेश के राजनीतिक हालात और सपा के साथ गठबंधन में सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर चर्चा हो सकती है। कांग्रेस इस बातचीत से पहले अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना चाहती है।

ad

17 नवंबर को सपा-कांग्रेस के बीच बातचीत की तैयारी

कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग को लेकर 17 नवंबर को बैठक होने की संभावना है। इसमें दोनों दलों के वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं। बैठक में संभावित सीटों और बंटवारे के फॉर्मूले पर चर्चा होगी। अंतिम फैसला दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व की सहमति के बाद किया जाएगा।

youtube

सहारनपुर से वाराणसी तक इन सीटों पर कांग्रेस की नजर

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने जिन करीब 181 सीटों को शॉर्टलिस्ट किया है, उनमें सहारनपुर, रायबरेली, अमेठी, सीतापुर, प्रयागराज, बाराबंकी, वाराणसी और लखनऊ जैसे जिले शामिल हैं। इसके अलावा आगरा, कानपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, प्रतापगढ़, फतेहपुर और बांदा की सीटों पर भी पार्टी की नजर है।

कांग्रेस की संभावित सूची में शामिल सीटें इस प्रकार हैं:

जिला संभावित विधानसभा सीटें
सहारनपुर गंगोह, नकुड़, बेहट और देहात
रायबरेली बछरावां, सरेनी, ऊंचाहार, सलोन और सदर
अमेठी तिलोई, गौरीगंज और जगदीशपुर
सीतापुर हरगांव, बिसवां, सीतापुर और मिश्रिख
प्रयागराज उत्तरी, पश्चिमी और करछना
बाराबंकी जैदपुर, दरियाबाद और रामनगर
वाराणसी पिंडरा, कैंट, रोहनिया, अजगरा और सेवापुरी
लखनऊ सरोजनीनगर, मलिहाबाद और बख्शी का तालाब
आगरा खैरागढ़ और बाह
कानपुर कैंट, किदवई नगर, गोविंदनगर और घाटमपुर
महाराजगंज फरेंदा और नौतनवा
कुशीनगर तमकुहीराज और फाजिलनगर
देवरिया रुद्रपुर और सलेमपुर
प्रतापगढ़ रामपुर खास और सदर
फतेहपुर बिंदकी
बांदा नरैनी
उन्नाव बांगरमऊ
हरदोई बिलग्राम-मल्लावां
बदायूं बिल्सी
बलरामपुर उतरौला
गोंडा गौरा
सिद्धार्थनगर शोहरतगढ़
संतकबीरनगर खलीलाबाद

सांसदों वाले जिलों में 3 सीटों पर दावा करने की तैयारी

कांग्रेस की रणनीति के मुताबिक, जिन जिलों में पार्टी के सांसद हैं, वहां कम से कम तीन विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी है। कुछ जिलों में दो सीटों और बाकी जिलों में कम से कम एक सीट पर दावा रखने की योजना है। पार्टी ने संभावित सीटों की सूची तैयार कर सपा को सौंप दी है। अब दोनों दलों के बीच होने वाली बातचीत में यह तय करने की कोशिश होगी कि किन सीटों पर किसकी दावेदारी मजबूत है और गठबंधन का अंतिम फॉर्मूला क्या हो सकता है।