मंडी लाइसेंस नहीं, खरीदी का रिकॉर्ड नहीं; आखिर कहां से आया इतना धान?

Untitled

स्वतंत्र बोल
धमतरी 16 नवंबर 2026:
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होते ही अवैध रूप से धान जमा करने वालों पर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। धमतरी जिले में चार अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर करीब 1,000 क्विंटल धान जब्त किया गया है। प्रशासन के मुताबिक, यह धान बिना वैध दस्तावेजों के जमा किया गया था। आशंका है कि इसे समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीदी केंद्रों में बेचने की तैयारी थी। प्रशासन की टीम ने घुटकेल, उमरगांव, सांकरा और सिंगपुर में एक साथ कार्रवाई की। चारों जगहों से मिले धान को जब्त कर लिया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई गई है।

ad

न मंडी लाइसेंस, न खरीदी का रिकॉर्ड

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जिन जगहों पर धान जमा किया गया था, वहां इसके भंडारण से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं मिले। न मंडी लाइसेंस था और न ही धान की खरीदी का रिकॉर्ड। प्रशासन को आशंका है कि इस धान को समर्थन मूल्य पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाने की तैयारी थी। पिछले दो दिनों से जिले में लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने मौके पर ही धान जब्त कर संबंधित लोगों के खिलाफ दंडात्मक प्रकरण तैयार किया है।

youtube

अवैध धान पर नजर रखने विशेष टीम बनाई गई

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि जिले में धान खरीदी जारी है। इस दौरान अवैध धान की खरीदी, बिक्री और परिवहन करने वालों पर नजर रखी जा रही है। इसके लिए जिला प्रशासन ने विशेष टीम बनाई है, जो लगातार निगरानी कर रही है। प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी के दौरान अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी।