स्वतंत्र बोल
मुंबई 16 नवंबर 2026: बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दी है। लॉरेंस बिश्नोई के करीबी बताए जाने वाले गोल्डी ने सोमवार को फेसबुक पर पोस्ट साझा कर दावा किया कि मुंबई में उसके 200 गुर्गे मौजूद हैं। उसने यह भी कहा कि उसके दो सहयोगियों की गिरफ्तारी से कथित हमले की योजनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, गोल्डी ढिल्लों ने पोस्ट में कहा कि गिरफ्तारियां उसके गिरोह की गतिविधियों को नहीं रोक सकतीं। उसने अमिताभ और अभिषेक बच्चन की सुरक्षा का जिक्र करते हुए दावा किया कि बुलेटप्रूफ इंतजाम भी उन्हें नहीं बचा पाएंगे।
दो गिरफ्तार सहयोगियों के नाम बताए
गोल्डी ढिल्लों ने अपनी पोस्ट में गिरफ्तार किए गए दो लोगों की पहचान विकास ठाकुर और दीपक सिंह के रूप में बताई। उसने दावा किया कि दोनों उसके ही गुट से जुड़े हैं और उनका किसी दूसरे गैंग से कोई संबंध नहीं है। उसने यह भी कहा कि मुंबई में उसके 200 अन्य गुर्गे मौजूद हैं और वे अपने काम को अंजाम देने के लिए तैयार हैं। गैंगस्टर के मुताबिक, दो सहयोगियों की गिरफ्तारी से उसके नेटवर्क की गतिविधियां रुकने वाली नहीं हैं।
बुलेटप्रूफ केबिन को लेकर भी धमकी
पोस्ट में गोल्डी ढिल्लों ने अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन का नाम लेकर उन्हें धमकी दी। उसने दावा किया कि दोनों चाहे कितने भी बुलेटप्रूफ केबिन बनवा लें या सुरक्षा के इंतजाम कर लें, वे सुरक्षित नहीं रहेंगे। उसने केबिन के अंदर भी हमला करने की धमकी दी। गोल्डी ने अपनी पोस्ट में 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र किया। उसने दावा किया कि दंगों के लिए जिम्मेदार लोगों को माफ नहीं किया जाएगा। उसने ऐसे लोगों को दुनिया के किसी भी देश में ढूंढकर निशाना बनाने की बात कही।
अमिताभ की ‘बच गए’ पोस्ट पर चर्चा
इस बीच, अमिताभ बच्चन की X पर की गई दो शब्दों की पोस्ट भी चर्चा में है। उन्होंने लिखा था- ‘बच गए’। इस पोस्ट को 1.3 मिलियन इम्प्रेशन मिले हैं और इस पर कई प्रतिक्रियाएं आई हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने अमिताभ की पोस्ट को मुंबई में दो कथित शार्पशूटरों की गिरफ्तारी से जोड़कर देखा। हालांकि, पोस्ट का इन गिरफ्तारियों या गोल्डी ढिल्लों की धमकी से कोई संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है।


