स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 14 नवंबर 2026: अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 1 विकेट से हरा दिया है। इस रोमांचक जीत के साथ ही भारत ने अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। खिताबी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 337 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में उतरी भारतीय टीम ने शुरुआती झटकों के बावजूद दबाव में बेहतरीन वापसी की और लक्ष्य को हासिल कर लिया।
पाकिस्तान ने खड़ा किया था 337 रनों का पहाड़
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने सधी हुई शुरुआत करते हुए बड़े स्कोर की नींव रखी। निर्धारित 50 ओवरों के खेल में पाकिस्तान की टीम ने 9 विकेट खोकर 337 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने बड़ा टारगेट सेट किया था, जिसे हासिल करने के लिए भारतीय बल्लेबाजों को शुरुआत से ही मजबूत साझेदारी की जरूरत थी।
निचले क्रम के बल्लेबाजों ने पलटा मैच
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए मुकाबला एक समय बेहद मुश्किल हो गया था। मैच में एक वक्त ऐसा आया जब टीम का आठवां विकेट 252 के स्कोर पर गिर गया था। यहां से जीत का लक्ष्य काफी दूर था और भारत के पास केवल दो ही विकेट शेष बचे थे। ऐसे बेहद मुश्किल वक्त में मनल चौहान और मोहित उल्वा ने भारतीय पारी को संभाला और टीम को जीत के करीब पहुंचाया। मनल चौहान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 47 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और 309 के स्कोर पर भारत का नौवां विकेट गिरा। मनल के आउट होने के बाद भी मोहित उल्वा ने हार नहीं मानी और क्रीज पर डटे रहे। मोहित ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए मात्र 26 गेंदों में 49 रनों की नाबाद और अति-महत्वपूर्ण पारी खेलकर हारी हुई बाजी को जीत में बदल दिया और भारत को ऐतिहासिक खिताबी जीत दिलाई।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत: लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, यशबर्धन चौहान, अर्जुन राजपूत, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनल चौहान, मोहित उलवा, आर्यन सवसानी, काव्या पटेल, चिगुरुपति वेंकट।


