कागजात नहीं थे पास और बेचने चले थे धान,. पुलिस ने ऐसे शिकंजे में कसा तस्करों को

WhatsApp Image 2026 11 14 at 7.47.32 PM

स्वतंत्र बोल
कबीरधाम 14 नवंबर 2026:
 छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान बाहरी राज्यों से धान लाकर यहां ऊंची कीमत पर खपाने की कोशिश का मामला सामने आया है। कबीरधाम जिले में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश से आ रहे धान से भरे एक माजदा वाहन को पकड़ लिया है। वाहन से 38 क्विंटल धान जब्त किया गया है और मौके से मध्यप्रदेश के दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। जब्त किए गए धान और वाहन की कुल कीमत 6 लाख 17 हजार 800 रुपये आंकी गई है।

ad

ग्राम अंजना के पास की गई संयुक्त कार्रवाई

यह कार्रवाई ग्राम अंजना के मुख्य मार्ग पर की गई। कलेक्टर तुलिका प्रजापति और पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध माजदा टर्बो वाहन (क्रमांक CG-08-AJ-9104) को रोककर उसकी जांच की। गवाहों की मौजूदगी में वाहन की ली गई तलाशी के दौरान उसमें 95 प्लास्टिक की बोरियों में धान भरा हुआ मिला। मौके पर तौल कराने पर धान की कुल मात्रा करीब 38 क्विंटल पाई गई, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 1 लाख 17 हजार 800 रुपये है।

youtube

दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी

वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों की पहचान उमेद्र ठाकरे (36) और अंकित मेश्राम (27) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के बिरसा थाना क्षेत्र के मंडई (नेऊरगांव) के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि वे मंडई से धान लेकर छत्तीसगढ़ में अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाने की योजना बना रहे थे। हालांकि, वे टीम के सामने धान के वैध परिवहन और बिक्री से जुड़ा कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद अधिकारियों ने धान के साथ-साथ परिवहन में प्रयुक्त माजदा वाहन (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) को भी जब्त कर लिया।

आगे की वैधानिक कार्रवाई

इस पूरी कार्रवाई में कुल 6,17,800 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में दोनों व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत इस्तगाशा तैयार किया गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए दोनों आरोपियों को अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व), बोड़ला के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। यह पूरी संयुक्त कार्रवाई थाना प्रभारी झलमला निरीक्षक जे.एल. सांडिल्य के नेतृत्व में की गई, जिसमें प्रधान आरक्षक राजेश धुर्वे और आरक्षक द्रोणाचार्य साहू भी शामिल रहे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध धान परिवहन या खरीदी-बिक्री की गड़बड़ी मिलने पर तुरंत सूचना दें।