समाधान शिविर में उमड़ी हजारों की भीड़, 1600 से ज्यादा आवेदन आते ही अधिकारियों में मचा हड़कंप

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 16 मई 2026: महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत मुढ़ीपार में आयोजित समाधान शिविर शनिवार को अचानक चर्चा का केंद्र बन गया। सुशासन तिहार के तहत लगाए गए इस शिविर में इतनी भीड़ उमड़ी कि प्रशासनिक अमले को व्यवस्था संभालने में मशक्कत करनी पड़ी। देखते ही देखते 1600 से ज्यादा आवेदन पहुंच गए, जिसके बाद अधिकारियों में हलचल बढ़ गई।

ad

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल पहुंचे। उनके साथ सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी और बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल भी मौजूद रहे। मंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से सीधे सवाल-जवाब किए और आवेदन निराकरण की स्थिति जानी।

youtube

मंत्री श्री बघेल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निपटाने के निर्देश भी दिए गए।

शिविर में 18 गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। लोगों ने शासन की योजनाओं की जानकारी ली और अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन जमा किए। ग्रामीणों की भीड़ और लगातार बढ़ते आवेदनों को देखकर प्रशासनिक अमला भी सतर्क नजर आया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री बघेल ने कहा कि किसानों के लिए खाद की पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है और समय पर खाद उठाव करने की सलाह दी गई है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से कहा कि किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर भी चिंता जताई और अधिकारियों को नियमित औचक निरीक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों और महिलाओं को मिलने वाले पोषण आहार और स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार निगरानी जरूरी है।

सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जुड़ने और युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेने की सलाह दी।

वहीं बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल ने कहा कि सरकार चाहती है कि गांव स्तर पर ही समस्याओं का समाधान हो, ताकि लोगों को परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर सरकार और जनता के बीच भरोसे का मजबूत माध्यम बनता जा रहा है।

शिविर में कई हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ वितरित किए गए। इसमें स्वामित्व पट्टा, ट्राइसाइकिल, सुपोषण किट, अन्नप्राशन, गोद भराई और विभिन्न योजनाओं के प्रमाण पत्र शामिल रहे। चार दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल भी प्रदान की गई।

इस दौरान कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।