सुबह-सुबह बाजार पहुंचीं मंत्री… दुकानदारों और महिलाओं ने घेरकर सुनाईं ऐसी समस्याएं कि अधिकारियों के उड़ गए होश

स्वतंत्र बोल
रायपुर ,10 मई 2026
:
सूरजपुर जिले के सिलफिली बाजार में रविवार सुबह उस वक्त हलचल मच गई, जब बिना किसी बड़े काफिले और औपचारिक सूचना के महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े अचानक बाजार पहुंच गईं। मंत्री को अपने बीच देखकर दुकानदार, महिलाएं और ग्रामीण पहले तो चौंक गए, लेकिन कुछ ही देर में लोगों ने उन्हें घेर लिया और अपनी परेशानियां खुलकर बताने लगे।

ad

भटगांव विधानसभा क्षेत्र के इस औचक दौरे में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने सब्जी मंडी और बाजार की गलियों में पैदल घूमकर सीधे आम लोगों से बातचीत की। उन्होंने व्यापारियों से लेकर ग्रामीण महिलाओं तक से हालचाल जाना और बाजार व्यवस्था, स्थानीय सुविधाओं तथा रोजमर्रा की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

youtube

प्रत्यक्ष संवाद के दौरान कई लोगों ने बाजार में अव्यवस्था, जरूरी सुविधाओं की कमी और अन्य स्थानीय दिक्कतों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। बताया जा रहा है कि कुछ शिकायतें सुनने के बाद मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।

मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

इस दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने बाजार में मौजूद महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने खास तौर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का उल्लेख करते हुए पात्र हितग्राहियों से इनका लाभ लेने की अपील की।

सिलफिली बाजार में हुआ यह औचक दौरा अब इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। लोगों का कहना है कि पहली बार किसी मंत्री ने बिना मंच और भाषण के सीधे बाजार में पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच भी इस दौरे के बाद हलचल तेज हो गई है।