स्वतंत्र बोल
रायपुर 15 जून 2026: छत्तीसगढ़ बीजेपी में अगले कुछ दिनों में सियासी हलचल तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 20 जून को दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला प्रदेश प्रवास होगा, जिसे संगठन बेहद अहम मान रहा है। दौरे की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
सूत्रों के अनुसार प्रदेश बीजेपी को राष्ट्रीय अध्यक्ष के संभावित दौरे की जानकारी मिल चुकी है और संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राजधानी रायपुर में उनके ठहरने की व्यवस्था की जा रही है, जहां वे एक रात रुकेंगे और पार्टी नेताओं व पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कर सकते हैं।
क्या मंत्रिमंडल में बदलाव की होगी चर्चा?
नितिन नबीन केवल बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के प्रभारी भी हैं। ऐसे में प्रदेश संगठन और सरकार दोनों पर उनकी विशेष नजर रहती है। यही वजह है कि उनके दौरे को लेकर राजनीतिक अटकलें भी तेज हो गई हैं।
पार्टी सूत्रों के बीच इस बात की चर्चा है कि दौरे के दौरान सरकार और संगठन के कामकाज की समीक्षा के साथ मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल को लेकर भी मंथन हो सकता है। हालांकि इस संबंध में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन दौरे ने कई नेताओं और मंत्रियों की धड़कनें जरूर बढ़ा दी हैं।
कार्यकर्ताओं से संवाद और संगठनात्मक समीक्षा संभव
बताया जा रहा है कि अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान नितिन नबीन पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करेंगे और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करेंगे। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और भविष्य की चुनावी तैयारियों को लेकर भी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं।
पहली यात्रा पर टिकी सबकी नजर
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा होने के कारण पार्टी के भीतर और बाहर सभी की नजरें इस प्रवास पर टिकी हुई हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस दौरे से केवल संगठनात्मक संदेश निकलता है या फिर प्रदेश की राजनीति में किसी बड़े बदलाव के संकेत भी सामने आते हैं।


