CM साय ने मंच से कर दिया बड़ा ऐलान! लाखों बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत, संत कबीर जयंती पर कई अहम घोषणाएं

 

ad

स्वतंत्र बोल
रायपुर 29 जून 2026:
राजधानी रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में सोमवार को संत कबीर जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन महीने बढ़ाने का बड़ा ऐलान किया, जिससे प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को सरचार्ज माफी और अन्य आकर्षक प्रावधानों का लाभ मिल सकेगा।

youtube

कार्यक्रम की शुरुआत गुरु असंग देव के आशीर्वाद से हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्यपाल थावरचंद गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कहा कि संत कबीर का सत्य, समरसता, मानव सेवा और सद्भाव का संदेश आज भी समाज और राष्ट्र के लिए उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि संत कबीर ने जात-पात, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, प्रेम और विवेक का मार्ग दिखाया। उन्होंने सोनपैरी कबीर आश्रम द्वारा शिक्षा, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत कबीर की तपोभूमि है और उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि संत कबीर ने अपना पूरा जीवन कुरीतियों, छुआछूत और सामाजिक आडंबर के खिलाफ जनजागरण में समर्पित किया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज में प्रेम, भाईचारे और समरसता की भावना को मजबूत करती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवास पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब शांति और विकास का नया दौर शुरू हो चुका है तथा पीएम जनमन योजना, महतारी वंदन योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का उल्लेख करते हुए कहा कि आम नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज कराकर तय समय सीमा में उनका समाधान प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी भी दी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन महीने के लिए बढ़ाई जाएगी। इस योजना के तहत उपभोक्ता सरचार्ज माफी और विशेष प्रावधानों का लाभ लेकर अपने लंबित बिजली बिलों का भुगतान कर सकेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि संत कबीर की वाणी ने समाज को पाखंड, छुआछूत और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक किया। उन्होंने वृक्षारोपण को आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी बताते हुए सभी से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि संत कबीर ने ढोंग और आडंबर से दूर रहकर सत्य, सेवा और मानव कल्याण का मार्ग अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि यदि उनके विचारों को जीवन में उतारा जाए तो समाज और राष्ट्र दोनों का कल्याण संभव है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक इंद्र कुमार साहू, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल, राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, अखिलेश सोनी सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और कबीरपंथी अनुयायी उपस्थित रहे।