कोरबा। जिले के वनांचल क्षेत्र स्थित मुड़ापार-अरसेना गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चरित्र संदेह को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने ऐसा भयावह मोड़ लिया कि एक महिला की जान चली गई। आरोप है कि पति ने पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वह महिला को खाट पर चादर ओढ़ाकर छोड़ गया और फरार हो गया। अगले दिन सुबह जब परिजनों ने सच्चाई देखी तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार लेमरू थाना क्षेत्र के मुड़ापार-अरसेना निवासी बिहानू सिंह मंझवार (45) को अपनी पत्नी बिरसो बाई (40) के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार तड़के करीब चार बजे एक बार फिर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
बताया जा रहा है कि गुस्से में आए बिहानू सिंह ने पत्नी की हाथ-मुक्कों और डंडे से जमकर पिटाई कर दी। हमले में गंभीर चोट लगने से बिरसो बाई की हालत बिगड़ गई। आरोप है कि इसके बावजूद पति ने उसे अस्पताल पहुंचाने या इलाज कराने की कोई कोशिश नहीं की।
घटना के बाद उसने घायल पत्नी को घर में खाट पर लिटाकर उसके ऊपर चादर ओढ़ा दी। कुछ समय बाद जब महिला की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो परिजनों को शक हुआ। पास जाकर देखने पर पता चला कि बिरसो बाई की मौत हो चुकी है। यह दृश्य देखकर परिवार और ग्रामीण स्तब्ध रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही गांव के सरपंच ने लेमरू पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर थाना प्रभारी सुमन पोया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में मामला चरित्र संदेह को लेकर हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस शव का पंचनामा और अन्य वैधानिक कार्रवाई पूरी कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।


