रूंगटा कॉलेज के पीछे मकान में पुलिस की दबिश, मौके से क्या मिला?

Durg News

स्वतंत्र बोल
रायपुर 3 नवंबर 2026:
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के नेटवर्क पर पुलिस ने कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और सुपेला पुलिस की संयुक्त टीम ने रूंगटा कॉलेज के पीछे राजा गार्डन स्थित एक मकान में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक मासिक वेतन पर सट्टा खिलाने का काम कर रहे थे।

ad

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश हरिनखेड़े और डिकेश प्रसाद तिवारी के रूप में हुई है। एडिशनल एसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि पूछताछ में गिरोह के मुख्य सरगना के तौर पर देवेंद्र कुमार साहू का नाम सामने आया है। वह दोनों युवकों को मासिक वेतन देकर सट्टा कटवाता था।

youtube

Wimbzz ऐप के जरिए लगवाते थे दांव

पुलिस के अनुसार, गिरोह Wimbzz ऐप के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर दांव लगवाता था। पैसों के लेनदेन के लिए अज्ञात लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मौके से जब्त ATM कार्ड और पासबुक अलग-अलग लोगों के नाम पर हैं। इनका इस्तेमाल अवैध लेनदेन के लिए किए जाने की आशंका है। साइबर यूनिट अब संबंधित बैंक खातों की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री की जांच कर रही है।

मुख्य सरगना की तलाश, खातों की जांच जारी

इस मामले में देवेंद्र कुमार साहू फरार है। पुलिस उसके खिलाफ लुकआउट जारी करने की तैयारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि इस नेटवर्क से कई अन्य सटोरियों के जुड़े होने की भी संभावना है।

फिलहाल पुलिस जब्त बैंक दस्तावेजों और खातों के लेनदेन की जांच कर रही है। जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जाएगी।