रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेशभर में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 नगर पालिकाओं के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (CMO) के तबादले के आदेश जारी कर दिए हैं। विभाग के इस फैसले ने प्रशासनिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। खास बात यह है कि इस व्यापक तबादला सूची के साथ एक ऐसे अधिकारी को भी निलंबन से बहाल कर फिर से सीएमओ की जिम्मेदारी सौंप दी गई है, जिनके खिलाफ विभागीय जांच अभी भी जारी है।
जारी आदेश के अनुसार, राज्य शासन ने एक मुख्य नगर पालिका अधिकारी और एक सहायक राजस्व अधिकारी को निलंबन से बहाल करते हुए नई पदस्थापना दी है। हालांकि दोनों मामलों में विभागीय जांच जारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं और अंतिम कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर किए जाने की बात कही गई है।
सबसे अधिक चर्चा किरण पटेल की बहाली को लेकर हो रही है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने आदेश जारी कर किरण पटेल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी “ग” वर्ग, को निलंबन से बहाल करते हुए नगर पंचायत बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक पदस्थ किया है।
विभाग ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि किरण पटेल के विरुद्ध चल रही विभागीय जांच यथावत जारी रहेगी। साथ ही निलंबन अवधि का अंतिम निराकरण भी जांच के गुण-दोष के आधार पर अलग से किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश में एक साथ 15 सीएमओ के तबादले और जांच का सामना कर रहे अधिकारी की बहाली को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब सभी की नजर विभागीय जांच की रिपोर्ट और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।


