स्वतंत्र बोल
रायपुर, 22 जून 2026: छत्तीसगढ़ की धरती से सोमवार को आस्था, संस्कृति और राष्ट्रीय स्वाभिमान का एक ऐतिहासिक अध्याय शुरू हुआ, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर रेलवे स्टेशन से सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर “सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा” का शुभारंभ किया। इस विशेष यात्रा में प्रदेश के 1000 से अधिक विशिष्टजन, पद्मश्री सम्मानित हस्तियां, कलाकार, साहित्यकार और श्रद्धालु शामिल हुए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारत के राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक गौरव और करोड़ों लोगों की अटूट आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इतिहास में कई बार आक्रांताओं ने इस मंदिर को ध्वस्त करने का प्रयास किया, लेकिन हर बार इसका पुनर्निर्माण हुआ। यह भारतीय संस्कृति और श्रद्धा की अदम्य शक्ति का प्रमाण है।
इस यात्रा की सबसे खास बात यह है कि श्रद्धालु अपने साथ छत्तीसगढ़ के विभिन्न धार्मिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व वाले शिवालयों की पावन माटी तथा प्रदेश की पवित्र नदियों का जल लेकर रवाना हुए हैं। सोमनाथ धाम पहुंचकर यह माटी और जल भगवान सोमनाथ को अर्पित किया जाएगा, जो सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक समर्पण का अनूठा संदेश देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक देशभर में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व राष्ट्रीय स्मरणोत्सव” मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में विभिन्न राज्यों से सोमनाथ स्वाभिमान यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद उन्होंने राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के प्रतीक के रूप में सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था। इसके बाद देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने पुनर्निर्मित मंदिर का लोकार्पण किया, जो भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है।
मुख्यमंत्री ने यात्रा में शामिल पद्मश्री सम्मानित व्यक्तियों, कलाकारों और साहित्यकारों की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और आस्था का संदेश लेकर जा रहे हैं। यह यात्रा भारत की सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक परंपरा को मजबूत करने वाली पहल है।
कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सोमनाथ धाम की यह यात्रा श्रद्धालुओं को न केवल आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें भारत की महान सांस्कृतिक परंपरा और राष्ट्रीय गौरव से भी जोड़ने का अवसर देगी। उन्होंने भगवान सोमनाथ से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की।
यात्रा के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें अंगवस्त्र भेंट किए और उनकी मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, अनुज शर्मा, इंद्रकुमार साहू, डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, संपत अग्रवाल, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


